किशनगंज। वर्ल्ड ब्लड डोनर्स डे के अवसर पर इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, किशनगंज द्वारा तेरापंथ भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन जिला पदाधिकारी विशाल राज, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार एवं वाइस चेयरमैन शंकर लाल महेश्वरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इसके बाद जिला पदाधिकारी विशाल राज, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनिकेत कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिराज खुसरो एवं रेड क्रॉस सचिव मिक्की साहा ने रक्तदान कर शिविर की शुरुआत की। शिविर में विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से कुल 31 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।

जिला पदाधिकारी विशाल राज ने रक्तदान को मानवता की सेवा बताते हुए लोगों से आगे आने की अपील की। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे कई लोगों की जान बचाई जा सकती है।
रेड क्रॉस सचिव मिक्की साहा ने कहा, “किशनगंज जिले में रक्त की कमी नहीं होने दी जाएगी। रेड क्रॉस सोसाइटी लगातार रक्तदान शिविर आयोजित कर जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने का प्रयास करती रहेगी।”
अंत में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी ने सभी रक्तदाताओं एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।


























