कार में अचानक लगी आग, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि शौकत आलम परिवार सहित बाल-बाल बचे

SHARE:

निसार अहमद/बहादुरगंज

बहादुरगंज प्रखंड के झींगाकाटा इस्तमरार पंचायत के पूर्व मुखिया प्रतिनिधि शौकत आलम अपने परिवार सहित एक बड़े हादसे से बाल-बाल बच गए। रविवार की रात उनकी कार में अचानक आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, शौकत आलम अपनी मारुति सेलेरियो कार (नंबर BR 37 K 7990) से किशनगंज से अपने घर लौट रहे थे। कार में उनके साथ पूरा परिवार सवार था। सफर पूरा कर जैसे ही वे बहादुरगंज के कॉलेज चौक स्थित अपने निवास पर पहुंचे और कार खड़ी की, तभी अचानक कार के इंजन से आग की लपटें उठने लगीं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तुरंत अपने परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित कार से बाहर निकाला। इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से बालू डालकर आग बुझाने का प्रयास किया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार का इंजन और अगला टायर पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।


इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन कार को काफी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई