जनगणना 2026-27 को लेकर प्रशिक्षण, पहले चरण में होगा मकान सूचीकरण

SHARE:

निसार अहमद /बहादुरगंज

जनगणना 2026-27 के तहत पहले चरण में मकानों की गणना को लेकर स्थानीय प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल में आयोजित प्रशिक्षण शिविर लगातार जारी है। तीन दिवसीय पहले बैच का प्रशिक्षण गुरुवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया, जबकि दूसरे बैच का प्रशिक्षण शुक्रवार से शुरू होगा। यह प्रशिक्षण विभिन्न बैचों में 24 अप्रैल तक जारी रहेगा।


प्रशिक्षण के दौरान पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों को मकान सूचीकरण से संबंधित विस्तृत जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षकों ने बताया कि पहले चरण में मकानों की पहचान, उनकी स्थिति और उपयोग से जुड़ी जानकारी एकत्र की जाएगी।


जनगणना के संबंध में जानकारी देते हुए बीडीओ अरुण कुमार सरदार ने बताया कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी। पहले चरण में मकानों की सूची तैयार कर उनकी गणना की जाएगी।


उन्होंने बताया कि 17 अप्रैल से 1 मई 2026 तक नागरिक स्वयं पोर्टल या मोबाइल ऐप के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद 2 मई से 31 मई 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर डेटा संकलित करेंगे। इस दौरान मकान की स्थिति, उसके उपयोग (आवासीय या व्यावसायिक), छत, दीवार और फर्श में प्रयुक्त सामग्री की जानकारी ली जाएगी। साथ ही पेयजल, शौचालय, बिजली, रसोई गैस जैसी सुविधाओं का भी विवरण एकत्र किया जाएगा।


प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन छह सदस्यीय प्रशिक्षक दल द्वारा किया जा रहा है, जिसमें रिजवान अहमद काजमी, मो. खालिद अनवर, मुकेश कुमार, मुमताज आलम, इकबाल अहमद एवं अंजार आलम शामिल हैं। ये सभी प्रशिक्षक अलग-अलग बैचों में पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों को प्रशिक्षण दे रहे हैं।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई