क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पदाधिकारियों को दिए कई निर्देश
बारसोई /कटिहार – शुक्रवार को बारसोई डीएसपी कार्यालय में क्राइम मीटिंग का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता डीएसपी अजय कुमार ने की। बैठक में क्षेत्र के विभिन्न थाना क्षेत्रों में घटित अपराधों की समीक्षा की गई तथा लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन को लेकर संबंधित थाना अध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
डीएसपी अजय कुमार ने बैठक के दौरान सभी थाना प्रभारियों को अपराध नियंत्रण, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, वारंट के निष्पादन तथा नियमित गश्ती बढ़ाने पर विशेष जोर देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इसके लिए सभी थाना स्तर पर सतर्कता बरतते हुए आपराधिक गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए।उन्होंने शराब तस्करी, अवैध खनन, मादक पदार्थों के कारोबार तथा अन्य संगठित अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने एवं आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान की बात कही।
क्राइम मीटिंग में बारसोई थाना अध्यक्ष उमेश कुमार,सालमारी थाना अध्यक्ष कुमारी जूली, कदवा थाना अध्यक्ष विजय प्रकाश, बलियाबैलोन थाना अध्यक्ष मो. शाहिद, आजमनगर थाना अध्यक्ष नीरज कुमार, बलरामपुर थाना अध्यक्ष विकास कुमार, कचना थाना अध्यक्ष आनंद कुमार, सुधानी थाना अध्यक्ष भुवन कुमार तथा आबादपुर थाना अध्यक्ष मो. सदाब सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे ।


























