अमदाबाद/कटिहार – नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में रंगों का पर्व होली बुधवार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया। ‘बुरा न मानो होली है’ के अंदाज में हिंदू-मुस्लिम दोनों समुदाय के लोगों ने एक-दूसरे को रंग और अबीर-गुलाल लगाकर भाईचारे के साथ त्योहार मनाया। लोग एक-दूसरे के घर जाकर लजीज पकवानों का आनंद लेते नजर आए।
मुख्य पार्षद बबलू मंडलपार्षद चंद्रदीप पासवान, संजीव साह, जानकी यादव,बंटी सिंह,आनंद कुमार पासवान आदि लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी।वहीं बच्चे सुबह से ही रंग पिचकारी लेकर घरों से निकल गए और अपने हमउम्र साथियों के साथ होली के आनंद में मशगूल हो गए।
युवाओं की भी अपनी अलग महफिल सजी हुई थी।यही नजारा मोहल्ले के हर गली,चौक और चौराहे पर देखने को मिला।प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस अधिकारियों व सैफ जवानों की तैनाती की गई थी।


























