किशनगंज/विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र में रंगों का पर्व होली हर्षोल्लास, उत्साह और आपसी सौहार्द के वातावरण में बड़े ही धूमधाम तथा शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जा रहा है। सुबह से ही गांव-गांव, टोला-मोहल्लों और प्रमुख चौक-चौराहों पर रंग और गुलाल की बौछार देखने को मिली। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी होली के रंग में रंगे नजर आए। लोग एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर गले मिलते हुए होली की हार्दिक शुभकामनाएं देते दिखे।

होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है। प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पूरे टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र में 22 स्थानों पर दंडाधिकारी (मजिस्ट्रेट) एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि पर तत्काल नियंत्रण किया जा सके।

बीडीओ अजय कुमार, सीओ शशि कुमार एवं थानाध्यक्ष मोहम्मद इजहार आलम संयुक्त रूप से सुबह से ही विभिन्न चौक-चौराहों और बाजार क्षेत्रों का लगातार भ्रमण कर रहे हैं। प्रशासनिक पदाधिकारी गश्ती के दौरान लोगों से शांति, संयम और भाईचारे के साथ होली मनाने की अपील कर रहे हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि होली प्रेम, एकता और सद्भाव का प्रतीक पर्व है, जिसे आपसी सहयोग और सौहार्द के साथ मनाना ही इसकी सच्ची परंपरा है।

प्रखंड क्षेत्र के बाजारों और ग्रामीण इलाकों में भी जबरदस्त चहल-पहल देखी जा रही है। युवाओं की टोलियां ढोल-नगाड़ों की धुन पर थिरकती नजर आईं, वहीं महिलाएं घर-आंगन में पारंपरिक होली गीत गाकर त्योहार का आनंद लेती दिखीं। कई स्थानों पर सामूहिक होली मिलन समारोह का आयोजन भी किया गया, जहां लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। सोशल मीडिया पर भी होली का उत्साह साफ झलक रहा है।

सुबह से ही लोग व्हाट्सएप, फेसबुक और ट्विटर हैंडल के माध्यम से एक-दूसरे को होली की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई संदेश भेजते नजर आए।भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में तैनात सशस्त्र सीमा बल की 12वीं बटालियन फतेहपुर के जवानों के साथ भी स्थानीय लोगों ने रंग-गुलाल खेलकर और मिठाई खिलाकर होली मनाई। जवानों ने भी आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश देते हुए सभी को सुरक्षित एवं खुशहाल होली की शुभकामनाएं दीं।
कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। प्रशासन की सतर्कता और आमजन की समझदारी के कारण पूरे प्रखंड में शांति व्यवस्था कायम है। टेढ़ागाछ में इस वर्ष की होली आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का सुंदर संदेश देती नजर आ रही है।



























