पोठिया में दिनदहाड़े तांडव: बकाया पैसा मांगने पर घर में घुसकर हमला,लाखों की लूट

SHARE:

घर में तोड़फोड़ और मारपीट से दहशत में गृहस्वामी

पीड़ितों ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार

पुलिस मामला दर्ज कर अग्रतर कारवाई में जुटी

किशनगंज/राज कुमार

पोठिया थाना क्षेत्र के बावलगाछ सोनापुर, पंचायत डूबानोची में दबंगों ने एक घर पर सुनियोजित हमला कर इलाके में दहशत फैला दी। 61 वर्षीय मो० अब्दुल सलाम ने थाने में दिए आवेदन में 18 नामजद और करीब 50 अज्ञात लोगों पर घर में घुसकर मारपीट, लूटपाट, तोड़फोड़ और जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है।घटना सोमवार दोपहर की है

आवेदन के अनुसार हमलावरों में मो० मुजाहिद, इमरान, नजीमुद्दीन उर्फ धोला, सारुख, विक्की, जमरुल, कमरुल, ताहिर, नजरुल, अनवारुल हक़, मो० साहिद, मो० राजू, जुम्मन, जुबेर, जाफर, तारिक अजीज, मजरुल और मकसूद शामिल थे। सभी अपने साथ लगभग 50 अज्ञात लोगों को लेकर हथियारों से लैस होकर पहुंचे।

पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने घर में घुसते ही बेटे मो० अब्दुल करीम को घेर लिया और उधारी के पैसे नहीं देने की धमकी दी। कहा कि दोबारा पैसे मांगे तो जान से मार देंगे। विरोध करने पर सभी ने मिलकर बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। घर में तोड़फोड़ की गई। परिवार के अन्य सदस्यों को भी नहीं बख्शा गया।

आरोप है कि मुजाहिद और इमरान ने तेज धार चाकू और रॉड से अब्दुल करीम पर वार किया। बचने की कोशिश में गले और पैर में चोट लगी और खून बहने लगा। घायल जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद इमरान ने रॉड से लगातार वार किए, जिससे शरीर में कई जगह गंभीर अंदरूनी चोटें आईं।

हंगामा सुनकर जब अब्दुल रहमान और पिता अब्दुल सलाम घर पहुंचे और बचाने का प्रयास किया, तब मुजाहिद और नजीमुद्दीन उर्फ धोला ने अब्दुल रहमान को पकड़कर जमीन पर पटक दिया। इससे उसे भी गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि हमलावरों ने अब्दुल सलाम को भी लात घूंसों से पीटा और हथियार लहराते हुए पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी।

परिवार की महिलाए किसी तरह जान बचाकर ऊपर के कमरे में जाकर लोहे का दरवाजा बंद कर छिप गया। हमलावर वहां भी पहुंचे और लोहे की ग्रिल तोड़ने की कोशिश की। लगातार धमकी दी कि आज पूरे परिवार को जान से मार देंगे और घर में आग लगाकर जला देंगे। दरवाजा नहीं टूटा तो गुस्से में घर का सामान तोड़फोड़ दिया गया।

परिजनों का आरोप है कि उपद्रवी जब पहुंचे तो उन्होंने देखा कि घर और सड़क पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। इसके बाद सबूत मिटाने की नीयत से कैमरे तोड़ने लगे। घर की महिलाएं जब मोबाइल से वीडियो बनाने लगीं तो नीचे से पत्थर फेंक कर मारा गया ताकि कोई रिकॉर्डिंग न हो सके।

आरोप है कि विक्की, मकसूद और नजरुल ने घर से दो लाख रुपये नकद, तीन भरी सोने के गहने और 20 भरी चांदी के जेवर निकाल लिए। पांच मोटरसाइकिल, चार पहिया के तीन वाहन और दो ट्रक को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घर में बंधे मवेशियों को भी खोलकर अपने साथ ले जाने का आरोप है।

हमलावरों ने जाते जाते धमकी दी कि अगर थाना या कहीं शिकायत की तो पूरे परिवार को खत्म कर दफना देंगे। घटना के दौरान आसपास के लोग जुटे, लेकिन बड़ी संख्या में हमलावरों को देख ग्रामीण भी सहमे रहे।

सूचना पर पोठिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बीच बचाव किया। सभी घायलों को पहले पोठिया अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर देखते हुए किशनगंज सदर अस्पताल रेफर किया गया। पीड़ित ने दावा किया है कि पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में तथा मोबाइल में रिकॉर्ड है।

घटना के बाद घर में दहशत का माहौल है। परिजनों के अनुसार बच्चे रात में डरकर उठ जाते हैं और रोने लगते हैं। पूरे परिवार की नींद उड़ गई है। आसपास के लोग भी सहमे हुए हैं।
पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती की मांग की गई है। पुलिस कांड दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!