कटिहार – मेयर उषा देवी अग्रवाल ने नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 02 और 06 का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, साफ-सफाई व्यवस्था, जल निकासी एवं अन्य नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। पर्व-त्योहारों के मद्देनजर नगर निगम क्षेत्र के वार्डों को स्वच्छ, सुन्दर और साफ-सुथरा बनाये रखने को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए सम्बंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिया|
उन्होंने कहा कि पवित्र माह-ए-रमजान शुरू हो गया है और आगे रंगों का त्योहार होली आने वाला है। पर्व-त्योहारों पर नगर निगम क्षेत्र को स्वच्छ रखना उनकी प्राथमिकता है| नगर निगम से नगरवासियों की जो अपेक्षा है उससे कोई समझौता नहीं किया जायेगा। लोगों ने समय पर कचरा का उठाव नहीं होने की शिकायत की जिसे किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समय पर कचरों का उठाव कर उसका प्रबंधन किया जाना आवश्यक है|
मस्जिदों के आस-पास साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की जरुरत है| कचरों का समय पर उठाव और साफ-सफाई नहीं होने से खासकर रोजेदारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है|
दिन-प्रतिदिन बढ़ रही गर्मी को ध्यान में रखते हुए नगर निगम क्षेत्र के सभी नालों की समय-समय पर साफ – सफाई पर जोर देते हुए छिड़काव की गति बढ़ने का निर्देश दिया गया। इस अवसर पर संबंधित वार्ड पार्षद प्रतिनिधि,नगर निगम के पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: सतेंदु सुमन

























