सालमारी/ कटिहार – पुर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने बिहार सरकार के पर्यटन विभाग के निदेशक उदयन मिश्रा को पत्र लिख कर बाबा गोरखनाथ धाम मंदिर में शिवरात्रि के अवसर पर लगने वाला मेला के अवसर पर राजकीय महोत्सव की स्वीकृति देने की मांग करते हुए कहा है की गोरखनाथ धाम भगवान शिव का प्राचीन मंदिर अवस्थित है।
मुख्यमंत्री नितीश कुमार के प्रगति यात्रा के दौरान पर्यटन की दृष्टि से इसे विकसित करने हेतु 14 करोड़ 25 लाख 71 हजार की राशि की स्वीकृति प्रदान की गयी है। इस परिसर का विकास कार्य निर्माणाधीन है। इस धाम पर महाशिवरात्रि के अवसर पर एक बड़ा मेला का आयोजन परम्परागत रूप से होता है। जिस में पड़ोसी देश नेपाल, भुटान सहित उत्तर भारत के कई राज्यों के श्रद्धालु आते हैं।
इस अवसर पर राजकीय महोत्सव आवश्यक है। जिस से की हमारी आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परम्परा विभिन्न आयोजनों के माध्यम से अक्षण होगा। इस संबंध में बिहार सरकार पर्यटन निदेशालय के द्वारा कटिहार जिला प्रशासन को बाबा गोरखनाथ धाम मंदिर के परिसर में महाशिवरात्रि के अवसर पर राजकीय महोत्सव के आयोजन से संबंधित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का आदेश दिया गया है।
मंदिर कमेटी सचिव पिंटू यादव, उपाध्यक्ष अक्षय कुमार एवं कमेटी सदस्यों ने इस के लिए पुर्व उपमुख्यमंत्री, पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया है।

























