‘केवाईसी सुरक्षित बैंकिंग की ओर पहला कदम’ जागरूकता उत्सव आयोजित

SHARE:

टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह

भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा घोषित देशव्यापी वित्तीय साक्षरता सप्ताह के तहत बुधवार को टेढ़ागाछ प्रखंड में “केवाईसी सुरक्षित बैंकिंग की ओर पहला कदम” थीम के साथ जागरूकता उत्सव काआयोजन किया गया। 9 से 13 फरवरी तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य डिजिटल युग में बैंकिंग सेवाओं को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और सुलभ बनाना है।

हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मनीवाइज वित्तीय साक्षरता केंद्रों का संचालन कर रही संस्था स्वाधार फिनएक्सेस ने जमीनी स्तर पर इसकी कमान संभाली है। संस्था द्वारा टेढ़ागाछ प्रखंड के चिल्हनियां पंचायत अंतर्गत बभनगांवा एवं पुरन्धा गांव में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही।

सीएसपी संचालक एवं ट्रेनर रंजीत कुमार तथा अन्य कर्मियों की उपस्थिति में ग्रामीणों को केवाईसी (नो योर कस्टमर) प्रक्रिया, बैंक खातों की सुरक्षा, डिजिटल लेनदेन के दौरान सावधानियां, ओटीपी और पिन गोपनीय रखने के महत्व सहित साइबर धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी गई।

महिलाओं को बताया गया कि बैंक खाते से जुड़ी किसी भी जानकारी को अनजान व्यक्ति से साझा न करें और संदिग्ध कॉल या लिंक से सतर्क रहें।कार्यक्रम के दौरान ट्रेनर संजीव कुमार सिंह ने कहा, “डिजिटल बैंकिंग सुविधाजनक जरूर है, लेकिन सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना बेहद आवश्यक है।केवाईसी अपडेट रखना और बैंकिंग नियमों का पालन करना हर ग्राहक की जिम्मेदारी है। थोड़ी सी लापरवाही से आर्थिक नुकसान हो सकता है।

हमारा उद्देश्य है कि ग्रामीण महिलाएं भी आत्मविश्वास के साथ सुरक्षित बैंकिंग सेवाओं का उपयोग करें। उन्होंने यह भी कहा कि वित्तीय साक्षरता से न केवल आर्थिक सशक्तिकरण बढ़ता है, बल्कि परिवार और समाज भी मजबूत होता है।

जागरूकता अभियान के अंत में उपस्थित महिलाओं ने सुरक्षित बैंकिंग अपनाने का संकल्प लिया। आयोजकों ने बताया कि सप्ताह भर विभिन्न गांवों में इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को वित्तीय रूप से जागरूक किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग सुरक्षित डिजिटल लेनदेन की ओर अग्रसर हो सकें।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई