खोरीबाड़ी /चंदन मंडल
भारत में लगातार कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। कोरोना महामारी इस लहर ने इस वर्ष विभिन्न राज्यों को तेजी से अपने चपेट में लेने लगा है। जिससे पूरे बंगाल सहित उत्तरबंगाल भी अछूता नहीं है। उत्तरबंगाल में भी कोरोना मरीजों की संख्या लगातार तेजी से बढ़ रहे हैं। रोज किसी न किसी की मौत की भी खबर आ रही है। वहीं, प्रतिदिन कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है। इस बीच भाजपा के लिए फांसीदेवा -खोरीबाड़ी क्षेत्र में बुरी खबर आयी है। भाजपा के अनुसूचित मोर्चा के फांसीदेवा मंडल अध्यक्ष तापस बर्मन की मौत हो गयी। तापस बर्मन कोरोना वायरस से संक्रमित थे और पिछले कुछ दिनों से बीमार थे।
उनका इलाज नर्सिंग होम में चल रहा था। इलाज के दौरान बुधवार उनकी मौत हो गई। उनकी निधन की पुष्टि करते हुए भाजपा के जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष कंचन देवनाथ ने कहा कि इस घटना ने भाजपा कार्यकर्ताओं को शोक में डूबा दिया है। वे पार्टी के युवा कार्यकर्ता थे। पांच महीने पूर्व ही वे शादी के बंधन में बंधे हुए थे। आज किसी ने नहीं सोचा था कि हमलोग को अचानक से ऐसे छोड़कर चले जायेंगे।गुरुवार को दार्जीलिंग जिला के भाजपा सांसद राजू विष्ट ,भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल , फांसीदेवा भाजपा विधायक दुर्गा मुर्मु , खोरीबाड़ी- बुढागंज मंडल अध्यक्ष कल्याण कुमार प्रसाद , उपाध्यक्ष अरुण दास , युवा मोर्चा अध्यक्ष तरुण सिंह , नेशनल कॉउंसिल के सदस्य गणेश चन्द्र देवनाथ आदि ने उनके निधन पर दुःख व्यक्त किया है। उनके परिवार में उनकी मां , पिता व उनकी पत्नी शोक में डूबे हुए हैं। साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक व्याप्त है।





























