विजय कुमार साह /टेढ़ागाछ
प्रखंड क्षेत्र में महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ धूमधाम से मनाया जा रहा है। सुबह से ही विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें जलाभिषेक के लिए देखी जा रही हैं। पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान है। मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है तथा कई स्थानों पर अष्टयाम, कीर्तन-भजन और रात्रि जागरण का आयोजन किया जा रहा है, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा है।
इसी क्रम में डाकपोखर पंचायत अंतर्गत रहमतपुर स्थित शिव मंदिर से सैकड़ों महिला श्रद्धालुओं ने पीतांबरी वस्त्र धारण कर भव्य कलश शोभायात्रा निकाली। माथे पर सजे कलश और हाथों में पूजा सामग्री लिए महिलाएं भक्ति गीतों पर झूमती नजर आईं। डीजे एवं पारंपरिक ढोल-नगाड़ों की धुन पर निकली यह शोभायात्रा रहमतपुर शिव मंदिर से प्रारंभ होकर सुहिया बस्ती, शिव मंदिर चौक होते हुए सुहिया स्थित रेतुआ नदी तट पहुंची।
वहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने कलश में पवित्र जल भरा।जल भरने के पश्चात शोभायात्रा सुहिया हाट एवं आमबाड़ी होते हुए पुनः रहमतपुर शिव मंदिर पहुंची, जहां विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ कलश स्थापना की गई। शोभायात्रा के दौरान ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। सुरक्षा एवं व्यवस्था को लेकर स्थानीय प्रशासन और स्वयंसेवक भी सक्रिय दिखे।
रहमतपुर शिव मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रवीण कुमार दास ने बताया कि महाशिवरात्रि को लेकर मंदिर परिसर में विशेष सजावट की गई है तथा श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की समुचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि यह पर्व केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और एकता का संदेश भी देता है। ग्रामीणों के सहयोग से कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और भव्य रूप दिया जा रहा है।
संध्या में भगवान शिव की बारात निकाली जाएगी, जिसे लेकर युवाओं और बच्चों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। महाशिवरात्रि के अवसर पर टेढ़ागाछ प्रखंड का वातावरण पूरी तरह शिवमय बना हुआ है और श्रद्धालु पूरे भक्तिभाव से पूजा-अर्चना में लीन हैं।


























