किशनगंज /सागर चन्द्रा
खगड़ा तीन नंबर गुमटी के समीप रेलवे लाइन किनारे एक महिला घायल अवस्था में पड़ी मिली। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ ने घायल की पहचान खगड़ा निवासी दुखिया खातून के रूप में की।
पति के गुजर जाने के बाद वह दूसरों के घरों में चौका बर्तन कर अपने पांच बच्चों का भरणपोषण करती थी। स्थानीय लोगों को अंदेशा है कि रेलवे लाइन पार करने के दौरान ट्रेन के चपेट में आ जाने से वह बुरी तरह से घायल हो गई थी।
हालांकि मौके पर उमड़ी भीड़ चुपचाप तमाशबीन बनी रही। किसी ने भी घायल महिला को अस्पताल में भर्ती करने की जहमत नहीं उठाई। आखिरकार एक ई रिक्शा चालक को उसकी दयनीय स्थिति को देखकर दया आ गई।
उन्होंने मानवता का परिचय देते हुए घायल महिला को अपने रिक्शे में लादकर सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को घटना की जानकारी दी और घायल का इलाज प्रारंभ कर दिया। लेकिन सदर अस्पताल में इलाजरत घायल की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है।