न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

आजादी के सात दशक बाद भी विकास से दूर अमीरपुर, पुल और सड़क के अभाव में ग्रामीण बेहाल

विजय कुमार साह/ किशनगंज

टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत धवेली पंचायत के वार्ड संख्या 08 स्थित अमीरपुर गांव आजादी के सात दशक बाद भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। गांव में अब तक न तो आरसीसी पुल का निर्माण हो सका है और न ही पक्की सड़क बन पाई है। इसके कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं।

गांव तक जाने वाली कच्ची सड़क पूरी तरह कीचड़ और जलजमाव में तब्दील हो जाती है। इससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, मरीजों और किसानों को सबसे अधिक कठिनाई झेलनी पड़ती है। कई बार मरीजों को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचा पाने से गंभीर स्थिति उत्पन्न हो जाती है, वहीं किसानों को अपनी उपज बाजार तक ले जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार सांसद, विधायक एवं जिला प्रशासन को आवेदन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही गांव की समस्याओं को भुला दिया जाता है।

धवेली पंचायत के मुखिया उमेश कुमार यादव ने कहा कि अमीरपुर गांव की सड़क और पुल की समस्या काफी पुरानी है। इस संबंध में कई बार संबंधित विभाग और जिला प्रशासन को अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

पूर्व मुखिया निजामुद्दीन, एआइएमआइएम प्रखंड अध्यक्ष राहत हुसैन, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष नफीस हैदर एवं पूर्व प्रमुख तरन्नुम नाज ने भी अविलंब आरसीसी पुल एवं पक्की सड़क निर्माण की मांग की है। उन्होंने कहा कि अमीरपुर के लोगों को अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर विकास कार्य चाहिए।वहीं कनिय अभियंता जितेंद्र कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। जल्द ही स्थल जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

Leave a Comment