न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

कोशी स्नातक निर्वाचन को लेकर डीएम-एसपी ने की संयुक्त ब्रीफिंग, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश

किशनगंज:बिहार विधान परिषद कोशी स्नातक निर्वाचन-2026 के मतदान को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को समाहरणालय में संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। इसमें जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने पुलिस पदाधिकारियों और दंडाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ब्रीफिंग के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने पर जोर दिया गया। साथ ही, विधि-व्यवस्था बनाए रखने और सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सजगता, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ करने को कहा। अधिकारियों को निर्वाचन के दौरान सतर्क रहने तथा शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए।

मालूम हो कि मतदान दिनांक 23.10.2026 को पूर्वाह्न 08:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक होगा। मतगणना दिनांक 27.10.2026 को की जाएगी तथा निर्वाचन प्रक्रिया दिनांक 31.10.2026 तक पूर्ण कर ली जाएगी।

किशनगंज जिलान्तर्गत मतदान केन्द्र क्रमशः प्रखंड विकास पदाधिकारी, टेढ़ागाछ का कार्यालय वेश्म, प्रखंड विकास पदाधिकारी, बहादुरगंज का कार्यालय वेश्म, प्रखंड विकास पदाधिकारी, दिघलबैंक का कार्यालय वेश्म, प्रखंड विकास पदाधिकारी, ठाकुरगंज का कार्यालय वेश्म, प्रखंड विकास पदाधिकारी, पोठिया का कार्यालय वेश्म, प्रखंड विकास पदाधिकारी, कोचाधामन का कार्यालय वेश्म, प्रखंड विकास पदाधिकारी, किशनगंज का कार्यालय वेश्म तथा अनुमंडल दंडाधिकारी, किशनगंज के न्यायालय वेश्म में बनाए गए हैं।

मतदाता की पहचान हेतु वैकल्पिक दस्तावेजों की सूची निम्नलिखित हैं:-


आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट,
सरकारी/सार्वजनिक उपक्रम/स्थानीय निकाय अथवा अन्य संस्थाओं द्वारा जारी सेवा पहचान-पत्र,
सांसद/विधायक/पार्षद को जारी सरकारी पहचान-पत्र, संबंधित शैक्षिक संस्थान द्वारा जारी सेवा पहचान-पत्र, विश्वविद्यालय द्वारा जारी मूल डिग्री/डिप्लोमा प्रमाण-पत्र, सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता प्रमाण-पत्र तथा यू.डी.आई.डी. कार्ड , सामाजिक न्याय एवं अधिकारिकता मंत्रालय, भारत सरकार।

किशनगंज जिलान्तर्गत कुल 08 मतदान केन्द्र निर्धारित हैं। इन मतदान केन्द्रों पर कुल 3,554 मतदाता हैं, जिनमें 2,898 पुरुष एवं 656 महिला मतदाता शामिल हैं।

किशनगंज जिलान्तर्गत मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की संख्या निम्नवत है—


57-टेढ़ागाछ प्रखंड — पुरुष 180, महिला 34, अन्य 0, कुल 214
58-बहादुरगंज प्रखंड — पुरुष 429, महिला 92, अन्य 0, कुल 521
59-दिघलबैंक प्रखंड — पुरुष 272, महिला 51, अन्य 0, कुल 323
60-ठाकुरगंज प्रखंड — पुरुष 423, महिला 118, अन्य 0, कुल 541
61-पोठिया प्रखंड — पुरुष 285, महिला 62, अन्य 0, कुल 347
62-कोचाधामन प्रखंड — पुरुष 748, महिला 104, अन्य 0, कुल 852
63-किशनगंज प्रखंड — पुरुष 144, महिला 38, अन्य 0, कुल 182
प्रखंडों में कुल — पुरुष 2481, महिला 499, अन्य 0, कुल 2980।

अनुमंडलवार विवरण :


64-किशनगंज अनुमंडल — पुरुष 417, महिला 157, अन्य 0, कुल 574

जिला पदाधिकारी ने निर्वाचन को निष्पक्ष, स्वतंत्र, भयमुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं मतदान कर्मियों को निर्धारित निर्वाचन प्रक्रिया एवं आयोग के निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिए ।

बताया गया कि इस निर्वाचन में मतदान प्रक्रिया सामान्य लोकसभा/विधानसभा निर्वाचन से भिन्न होगी। मतदान एकल संक्रमणीय मत प्रणाली के तहत अधिमान क्रम में होगा तथा ईवीएम के स्थान पर मतपेटी एवं मतपत्र का उपयोग किया जाएगा। मतदान के दौरान मॉक पोल का प्रावधान नहीं है तथा मतपत्र में NOTA का प्रावधान भी नहीं रखा गया है ।

निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि सभी पीठासीन पदाधिकारी, माइक्रो आब्जर्वर एवं वीडियोग्राफर के साथ आवंटित मतदान केंद्र के लिए दिनांक 22 अक्टूबर 2026 को प्रस्थान करेंगे तथा आवंटित मतदान केंद्र पर मतदान के दिन मतदान दल सुरक्षा पदाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त रहकर अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों का निर्वहन करते हुए मतदान के उपरांत पीठासीन पदाधिकारी, माइक्रो आब्जर्वर एवं वीडियोग्राफर के साथ पोल्ड मतपेटिका को वज्रगृह स्थल जिला स्कूल, पूर्णियां परिसर स्थित वज्रगृह ( क्षेत्रिय कार्यालय, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पूर्णियां का भवन ) में जमा करवाना सुनिश्चित करेंगे ।

पुलिस अधीक्षक ने निर्देश देते हुए कहा कि अपने-अपने आवंटित क्षेत्र के अंतर्गत विधि व्यवस्था का संधारण हर हाल में सुनिश्चित करेंगे तथा विधि व्यवस्था की समस्या होने पर स्थानीय पुलिस पदाधिकारी के सहयोग से शांति व्यवस्था स्थापित करना सुनिश्चित करेंगे ताकि मतदान प्रक्रिया में किसी प्रकार का कोई व्यवधान उत्पन्न न हो तथा समय-समय पर स्थिति से अवगत कराते रहेंगे ।

निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि बिहार विधान परिषद कोशी स्नातक निर्वाचन स्वच्छ, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भय मुक्त वातावरण में हर हाल में संपन्न कराना सुनिश्चित करेंगे ।

निर्वाचन से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तथा सुझाव जिला नियंत्रण कक्ष दूरभाष संख्या 06456 -225152 पर दी जा सकती है ।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता,राजस्व/ आपदा प्रबंधन/ विभागीय जांच, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक यातायात,जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी, अवर उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित सभी पीठासीन पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी आदि उपस्थित थे ।

Share this news

Leave a Comment