न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

डीएम-एसपी ने गंगाघाट पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

कृत्रिम तालाब में प्रतिमा विसर्जन का निर्देश

दशहरा बीतने के बाद जागा नगर प्रशासन, सफाई शुरू

मनिहारी /कटिहार – दशहरा पर्व के दौरान नगर पंचायत के सफाई कर्मियों की हड़ताल के कारण शहर में पसरी गंदगी के बीच पर्व संपन्न होने के बाद बुधवार शाम से सफाई कार्य शुरू हुआ। मंगलवार को डीएम और एसपी ने मनिहारी गंगाघाट पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा देवी प्रतिमा विसर्जन के लिए कृत्रिम तालाब का निर्माण कराने का निर्देश दिया। साथ ही गंगा की निर्मलता और शुचिता बनाए रखने के उद्देश्य से श्रद्धालुओं से कृत्रिम तालाब में ही देवी प्रतिमाओं का विसर्जन करने की अपील की।

गंगाघाट के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक इंतजामों को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिए। गंगा नदी को प्रदूषण से बचाने और धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए कृत्रिम तालाब में प्रतिमा विसर्जन को आवश्यक बताया गया।इधर दशहरा पर्व के दौरान नगर पंचायत क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराने और जगह-जगह गंदगी का अंबार लगे रहने के सवाल पर डीएम ने बताया कि नगर कार्यपालक पदाधिकारी, मनिहारी और एसडीएम को इस दिशा में सार्थक एवं प्रभावी कदम उठाने का निर्देश दिया गया है।

डीएम के निर्देश के आलोक में बुधवार शाम से शहर में साफ-सफाई का कार्य शुरू कर दिया गया। हालांकि नगर प्रशासन की यह सक्रियता दशहरा पर्व संपन्न होने के बाद सामने आई। पर्व के दौरान गंदगी से परेशान नगरवासियों ने प्रशासनिक पहल में देरी पर तंज कसते हुए कहा, “बहुत देर कर दी हुजूर आते-आते।”

नगरवासियों का कहना है कि पर्व-त्योहारों के दौरान स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को लेकर प्रशासन को पहले से तैयारी करनी चाहिए, ताकि लोगों को धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के बीच गंदगी की समस्या से जूझना नहीं पड़े।

Share this news

Leave a Comment