सांसद पुरुषोत्तम यादव ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात
रिपोर्ट:अरुण कुमार
नेपाल के सुनसरी जिले के देवानगंज में धार्मिक यात्रा के दौरान हुई सांप्रदायिक हिंसा के विरोध में शुक्रवार को कोशी प्रदेश की औद्योगिक राजधानी विराटनगर समेत कई शहरों में हिन्दू संगठनों का व्यापक प्रदर्शन हुआ। विराटनगर, रंगेली, केसिया और दैनिया सहित विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में लोगों ने मार्च निकालकर घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने विराटनगर स्थित जिला प्रशासन कार्यालय के समक्ष धरना देकर सरकार को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान सरकार से मांग की गई कि सुनसरी हिंसा की पूरी सच्चाई सार्वजनिक की जाए, घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था हो तथा दोषियों को कानून के दायरे में लाकर सख्त सजा दी जाए।
स्थानीय हिन्दू संगठनों का आरोप है कि बोलबम यात्रा के दौरान शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसके बाद हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। मालूम हो कि इस हिंसा में अभी तक तीन लोगों की मौत हुई है जबकि दर्जनों घायल है।
शहर छावनी में तब्दील, सेना-पुलिस का फ्लैग मार्च
विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए विराटनगर में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए। नेपाल पुलिस के साथ नेपाली सेना को भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात किया गया। मुख्य सड़क, बाजार और संवेदनशील इलाकों में सेना एवं पुलिस ने संयुक्त फ्लैग मार्च कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। धरना स्थल पर भी भारी संख्या में सुरक्षाबल मौजूद रहे, जबकि आसपास के जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
सांसद पुरुषोत्तम यादव पहुंचे मृतक के घर
इधर, नेपाल के सांसद पुरुषोत्तम यादव पुलिस फायरिंग में जान गंवाने वाले मृतक युवक के परिजनों से मिलने उनके घर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। सांसद ने निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग दोहराई।
पुलिस महानिरीक्षक ने शांति बहाली की अपील की
पुलिस महानिरीक्षक दान बहादुर कार्की ने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी कर कहा कि नेपाल की पहचान विविधता में एकता की है ।उन्होंने कहा कि तराई क्षेत्र में हुई हिंसा चिंता का विषय है और हिंसा में शामिल जो भी लोग है उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी


























