बहादुरगंज/किशनगंज/निशांत
बहादुरगंज थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में शामिल चार तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने अभियुक्तों के पास से 101 ग्राम स्मैक और 5 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।साथ ही 52310 रुपए नकद बरामद किया है।
मामले की जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष बहादुरगंज सुनील कुमार ने बताया कि 30 जुलाई 2026 की शाम लगभग 6:15 बजे सूचना मिली थी कि पुराना ब्लॉक परिसर के पास अवैध स्मैक की खरीद-बिक्री की जा रही है। इस धंधे का मास्टरमाइंड मोहित मंडल है, जो पहले भी कई बार जेल जा चुका है।
वहीँ मामले की गंभीरता को देखते हुए अंचलाधिकारी बहादुरगंज आशीष कुमार सिंह को दंडाधिकारी की मौजूदगी मे पुलिस टीम द्वारा पुराना ब्लॉक परिसर में छापेमारी की गई। जहाँ पुलिस को देखकर भाग रहे चार युवकों को पुलिस बल की मदद से मौके पर ही घेरकर दबोच लिया गया एवं एनडीपिएस एक्ट की धारा-50 के तहत प्रक्रिया का पालन करते हुए दंडाधिकारी की मौजूदगी में अभियुक्तों और उनके ठिकाने की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मोहित मंडल के खटाल में लगे बेड के नीचे से प्लास्टिक में पैक किया हुआ 101 ग्राम स्मैक बरामद हुआ।
डिजिटल तराजू से वजन करने के बाद बरामद स्मैक को विधिवत सील कर जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित मंडल (23 वर्ष, पिता- सागर मंडल), निवासी- हरिनगर वार्ड नं0-07, थाना- बहादुरगंज, जिला- किशनगंज महादेव कुमार यादव (24 वर्ष, पिता- विरेंद्र यादव), निवासी- हरिनगर वार्ड नं0-07, थाना- बहादुरगंज, जिला- किशनगंज बीरबल कुमार (32 वर्ष, पिता- तारनी प्रसाद), निवासी- बिरनियाँ वार्ड नं0-01, थाना- बहादुरगंज,अमरजीत कुमार (19 वर्ष, पिता- जगदीश दास), निवासी- मोहनपुर, थाना- सिंहबाज़, जिला- दरभंगा निवासी के रूप मे हुई है।
गिरफ्तार सभी आरोपियों के विरुद्ध पुलिस बल के द्वारा बहादुरगंज थाना में कांड संख्या 474/26 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है एवं अग्रतर कार्यवाही प्रारम्भ कर दी गयी है।


























