कृषकों को गुणवत्तापूर्ण उत्पादन, भंडारण, विपणन एवं निर्यात संबंधी दी गई विस्तृत जानकारी
कटिहार – कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण आत्मा कटिहार के तत्वाधान में संयुक्त कृषि भवन के सभागार में मक्का क्रय एवं विक्रय विषयक एक दिवसीय कार्यशाला-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक, आत्मा, राजीव कुमार ने कार्यक्रम की अध्यमेंता की।
कार्यक्रम में जिले के सभी प्रखंडों के प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषक सूचना एवं सलाहकार केन्द्रों के प्रतिनिधि, प्रगतिशील मक्का उत्पादक किसान, एफपीओ, किसान समूहों तथा मक्का क्रेता एवं विक्रेताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक,आत्मा राजीव कुमार ने उपस्थित किसानों का स्वागत करते हुए वैज्ञानिक मक्का उत्पादन की संपूर्ण तकनीक पर जानकारी दी ।
उन्होंने खेत की तैयारी, उन्नत किस्मों का चयन, बीज उपचार, बुआई की वैज्ञानिक विधि, खरपतवार प्रबंधन, समुचित पोषक तत्व प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण सहित फसल प्रबंधन की विभिन्न पहलुओं को स्लाइड प्रस्तुतीकरण के माध्यम से सरल एवं व्यावहारिक ढंग से समझाया। प्रशिक्षण के दौरान मोना कुमारी, सहायक निदेशक शस्य ने मक्का फसल में लगने वाले प्रमुख कीटों की पहचान, उनके प्रभाव एवं समेकित कीट प्रबंधन के प्रभावी उपायों की जानकारी दी। वहीं दीक्षा कुमारी, उप परियोजना निदेशक, आत्मा ने मक्का में लगने वाले प्रमुख रोगों की पहचान, रोकथाम एवं वैज्ञानिक प्रबंधन के उपायों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
जिला कृषि पदाधिकारी ने किसानों को मक्का उत्पादन के साथ-साथ कटाई, सुखाई, सुरक्षित भंडारण एवं मूल्य संवर्धन के वैज्ञानिक तरीकों से भी अवगत कराया। उन्होंने बताया कि उचित भंडारण तकनीकों को अपनाकर किसान अपनी उपज की गुणवत्ता बनाए रखते हुए बेहतर बाजार मूल्य प्राप्त कर सकते हैं।शशि कान्त झा, उप परियोजना निदेशक, आत्मा ने किसानों को एफपीओ एवं किसान समूहों से जुड़कर सामूहिक विपणन के लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संगठित होकर किसान अपनी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त कर सकते हैं तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक अपनी पहुँच बना सकते हैं। साथ ही मक्का निर्यात से संबंधित आवश्यक नियम, प्रक्रियाओं एवं लाइसेंस प्राप्त करने की जानकारी भी प्रतिभागियों को दी गई। कार्यक्रम के दौरान मृदा जांच के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले के पाँच प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को जिला कृषि पदाधिकारी – सह – परियोजना निदेशक, आत्मा द्वारा प्रशंसा-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राजीव कुमार, शशि कान्त झा, दीक्षा कुमारी, मोना कुमारी, शालिनी कुमारी, रेशम कुमारी सहित कृषि विभाग एवं आत्मा के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में किसानों, एफपीओ एवं मक्का व्यापारियों से आपसी समन्वय एवं सहयोग के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताते हुए इसे मक्का उत्पादन एवं विपणन को नई दिशा देने वाला बताया।


























