मनिहारी स्टेशन के उन्नयन कार्य की धीमी रफ्तार पर डीआरएम नाराज,अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश

SHARE:

मनिहारी /कटिहार – कटिहार रेल मंडल के मंडल के डीआरएम किरेन्द्र नरह ने शुक्रवार को मनिहारी रेलवे स्टेशन एवं रेलवे कॉलोनी का निरीक्षण कर चल रहे विकास एवं उन्नयन कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित निर्माण एजेंसी एवं रेल अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया।

डीआरएम ने स्टेशन परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को इन सभी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने और यात्रियों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान रेलवे ट्रैक के किनारे हुए अतिक्रमण पर डीआरएम ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने संबंधित आईडब्ल्यू वर्क्स शाखा के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

साथ ही केटी-11 रेलवे फाटक के समीप बने अतिक्रमण को तत्काल हटाने के आदेश दिए।इसके बाद डीआरएम ने रेलवे कॉलोनी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने रेलवे क्वार्टरों में अवैध रूप से रह रहे लोगों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।सावन माह में मनिहारी गंगा स्नान के लिए रेल मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के संबंध में पूछे जाने पर डीआरएम ने कहा कि भीड़ प्रबंधन के लिए रेलवे ने व्यापक कार्ययोजना तैयार की है।

स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी सावन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। पिछले वर्षों के अनुभवों के आधार पर भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने पर्याप्त तैयारियां की हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। मौके पर डीआरएम के अलावे सीनियर डीसीएम अनूप कुमार सिंह,सीनियर डीएन प्रभात कुमार सिंह, सीनियर डी ईई पंकज पाल और सीनियर डीएमई आदि मौजूद रहे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!