संवाददाता/किशनगंज
जिले में अवैध लॉटरी कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत किशनगंज थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये के अवैध लॉटरी टिकट बरामद किए हैं। पुलिस ने एक किराए के मकान में छापेमारी कर 3,19,200 अवैध लॉटरी टिकट और 23,450 रुपये नकद जब्त किए हैं। बरामद टिकटों का अनुमानित बाजार मूल्य 1 करोड़ 48 लाख 50 हजार रुपये बताया गया है। प्रभारी
पुलिस अधीक्षक हरि मोहन शुक्ला के निर्देश पर एसडीपीओ-1 के नेतृत्व में गठित टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर शहर के मोहिद्दीनपुर वार्ड संख्या 1
स्थित एक दो मंजिला मकान में छापेमारी की। जांच के दौरान मौके से भारी मात्रा में अवैध लॉटरी टिकट बरामद हुए।
पुलिस अधीक्षक ने पत्रकार वार्ता कर बताया कि किराए के मकान में रह रहे मोहम्मद अकबर (42 वर्ष), पिता- बेलाल अहमद, मूल निवासी पांजीपाड़ा बाजार, थाना चोपड़ा, जिला उत्तर दिनाजपुर (पश्चिम बंगाल) द्वारा अवैध लॉटरी टिकट मंगाकर किशनगंज और आसपास के क्षेत्रों में थोक एवं खुदरा स्तर पर बेचे जाते थे। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तथा लॉटरी टिकट के नेटवर्क और फॉरवर्ड-लिंक की भी जांच कर रही है।
इस मामले में किशनगंज थाना कांड संख्या-862/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा बिहार बन ऑन लॉटरी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गिरोह से अर्जित अवैध संपत्ति की भी जांच की जाएगी और नियमानुसार आगे की कार्रवाई होगी।


























