गंगा का कटाव तेज, 55 एकड़ जमीन नदी में समाई,किसान परेशान

SHARE:

मक्के की फसल भी बर्बाद


ग्रामीणों ने बाढ़ नियंत्रण विभाग पर लापरवाही का लगाया आरोप

बरारी /कटिहार- प्रखंड के बकिया सुखाय पंचायत क्षेत्र में गंगा नदी का कटाव लगातार तेज होता जा रहा है। कटाव की रफ्तार से किसानों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि काढ़ागोला बाढ़ नियंत्रण विभाग की ओर से कटाव रोकने के लिए अब तक कोई प्रभावी पहल नहीं की गई है।

जिससे स्थिति दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार कटाव की वजह से अब तक करीब 55 एकड़ कृषि भूमि गंगा नदी में समा चुकी है।इसमें बड़ी मात्रा में लगी मक्के की फसल भी बर्बाद हो गई है।किसानों को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है।लगातार हो रहे कटाव से आसपास के ग्रामीणों में भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है।

बकिया सुखाय पंचायत के उप मुखिया शेख हिदायत तथा समाजसेवी उपेंद्र राय ने बताया कि यदि समय रहते कटाव निरोधी कार्य शुरू नहीं किया गया तो बकिया गांव भी कटाव की चपेट में आ सकता है।उन्होंने कहा कि गंगा नदी का कटाव तेजी से आबादी की ओर बढ़ रहा है।जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार संबंधित अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया गया।लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।उनका कहना है कि समय पर बचाव कार्य शुरू नहीं होने से हर दिन उपजाऊ जमीन नदी में विलीन होती जा रही है।ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक विजय सिंह निषाद एवं कटिहार के जिलाधिकारी से अविलंब हस्तक्षेप कर बाढ़ नियंत्रण विभाग को कटाव रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य शुरू कराने की मांग की है।ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो बकिया गांव का अस्तित्व भी खतरे में पड़ सकता है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!