मनिहारी – श्रावणी मेले के मद्देनजर मनिहारी गंगातट पर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अंचलाधिकारी चंदन कुमार,थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा ने गंगातट का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने गंगातट पर बेतरतीब ढंग से दुकान लगाने वाले दुकानदारों को प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थान पर ही दुकान लगाने की हिदायत दी। साथ ही चेतावनी दी कि निर्धारित स्थल के बाहर अतिक्रमण करने पर कार्रवाई की जाएगी। अंचलाधिकारी ने कहा कि श्रावणी मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगास्नान के लिए पहुंचेंगे।
ऐसे में स्नान घाटों और आवागमन मार्गों को बाधारहित रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, भीड़ प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। प्रशासन ने सभी दुकानदारों से सहयोग की अपील करते हुए व्यवस्था बनाए रखने का आग्रह किया है।


























