नेपाल में संसदीय चुनाव को लेकर इंडो नेपाल बोर्डर रहेंगे 72 घंटे सील

SHARE:


नेपाल व भारत के उच्य अधिकारियों की समन्वय समिति की बैठक आयोजित

सोनभद्र संवाददाता। किशनगंज

इंडो–नेपाल सीमा क्षेत्र में सुरक्षा, समन्वय एवं आपसी सहयोग को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से इंडो–नेपाल जिला समन्वय समिति की बैठक बिराटनगर में आयोजित की गई। बैठक में सीमा से जुड़े विभिन्न सुरक्षा, प्रशासनिक एवं समन्वयात्मक मुद्दों पर विस्तार से विचार–विमर्श किया गया।

बैठक में नेपाल में प्रस्तावित संसदीय चुनाव के मद्देनज़र दो मार्च की मध्यरात्रि 12 बजे से पांच मार्च की रात्रि 12 बजे तक भारत–नेपाल सीमा को पूर्णतः सील रखने के विषय पर चर्चा की गई। दोनों देशों के अधिकारियों द्वारा सीमा–पार आतंकवादी गतिविधियों की रोकथाम, अवांछनीय तत्वों पर नियंत्रण तथा संयुक्त एवं समन्वित कार्रवाई को प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया गया।


इसके अतिरिक्त हथियार, गोला–बारूद, विस्फोटक, मादक एवं मनोदैहिक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम, मानव तस्करी, जाली मुद्रा के प्रचलन सहित अन्य सीमा–पार अपराधों के विरुद्ध कड़ी एवं प्रभावी कार्रवाई पर सहमति व्यक्त की गई। सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी, आर्थिक धोखाधड़ी एवं विध्वंसक गतिविधियों पर नियंत्रण हेतु कानून प्रवर्तन एजेंसियों के बीच नियमित खुफिया सूचनाओं के आदान–प्रदान को और अधिक सुदृढ़ करने पर भी सहमति बनी।


बैठक में नो–मेन्स लैंड पर अतिक्रमण की जाँच एवं रोकथाम, अनधिकृत मार्गों से वाहनों की आवाजाही के नियमन तथा सीमा क्षेत्र में समन्वय को मजबूत करने से संबंधित विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस क्रम में जिला पदाधिकारी, किशनगंज श्री विशाल राज द्वारा नेपाल की ओर से आने वाले हाथियों के कारण सीमावर्ती क्षेत्रों में फसलों को होने वाली क्षति, सीमा क्षेत्र में अतिक्रमण एवं नो–मेन्स लैंड से जुड़े स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।

किशनगंज, अररिया व सुपौल के डीएम एसपी थे शामिल –
बैठक में डीएम किशनगंज विशाल राज, एसपी संतोष कुमार, एसएसबी के कमांडेंट के अलावा भारत की ओर से अररिया, सुपौल जिलों के जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी तथा नेपाल की ओर से मोरंग, झापा एवं सुनसरी जिलों के मुख्य जिला अधिकारी, सहायक सीडीओ, पुलिस अधीक्षक एवं अन्य अधिकारीगण बैठक में शामिल थे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई