पोठिया में एनडीए का बिहार बंद रहा असरदार, कार्यकर्ताओं ने जताया आक्रोश

SHARE:

किशनगंज/पोठिया/राज कुमार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वर्गीय माता के खिलाफ अपशब्दों को लेकर एनडीए द्वारा आहूत गुरुवार को आधे दिन के बिहार बंद का असर किशनगंज विधानसभा क्षेत्र के पोठिया प्रखंड में साफ दिखा। बंद के दौरान भाजपा और जदयू कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर महागठबंधन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।


सबसे पहले पोठिया बाजार में एनडीए कार्यकर्ताओं ने दुकानदारों से मां के सम्मान के मुद्दे पर संवाद किया। इसके बाद दुकानदारों ने स्वेच्छा से अपनी दुकानें बंद कर बंद को समर्थन दिया। पोठिया चौक पर भी यही नजारा देखने को मिला।

कार्यकर्ताओं ने दुकानों को बंद करवाने के साथ ही चिचुआबाड़ी-इस्लामपुर मुख्य सड़क को बिहार ग्रामीण बैंक के समीप आधे घंटे तक जाम कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई और कार्यकर्ताओं ने कहा कि मां का अपमान नहीं सहेगा बिहार।


जिला बीस सूत्री सदस्य सह पूर्व जिला पार्षद संजय उपाध्याय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वर्गीय मां के खिलाफ अपशब्द कहना पूरे देश की माताओं का अपमान है। उन्होंने कहा कि यह देश देवी दुर्गा को मातृस्वरूप मानकर पूजा करता है। सबकुछ बर्दाश्त किया जा सकता है, मगर एक मां का अपमान कभी स्वीकार नहीं होगा।


वहीं छत्तरगाछ भाजपा मंडल अध्यक्ष शोभा रानी ने कहा कि छठी मैया में अगाध आस्था रखने वाली बिहार की छह करोड़ से अधिक महिलाएं इस अपमान को कभी माफ नहीं करेंगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के मन में गुस्सा है और समय आने पर वे इस निंदनीय हरकत का जवाब जरूर देंगी।


बंद के दौरान कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी माहौल को जोशीला बनाए रही। मुख्य रूप से जिला बीस सूत्री सदस्य संजय उपाध्याय, भाजपा पोठिया मंडल अध्यक्ष सह प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, पहाड़कट्टा मंडल अध्यक्ष राहुल यादव, छत्तरगाछ मंडल अध्यक्ष शोभा रानी, जदयू प्रखंड अध्यक्ष सह बीस सूत्री उपाध्यक्ष जलालुद्दीन कादरी, भाजयुमो नेता अनिल राय समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सबसे ज्यादा पड़ गई