भव्य कलश शोभा यात्रा के साथ बेतबाड़ी में श्री श्री 108 दीनाभद्री महायज्ञ का शुभारंभ, 72 घंटे तक चलेगा अनुष्ठान

SHARE:

संवाददाता: विजय कुमार साह

किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत हवाकोल पंचायत के वार्ड संख्या 13 स्थित बेतबाड़ी गांव में रविवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के बीच श्री श्री 108 दीनाभद्री महायज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ। समस्त ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग एवं सहभागिता से आयोजित इस महायज्ञ की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार, विधि-विधान और पूजा-पाठ के साथ कलश एवं शोभा यात्रा निकालकर की गई।


सुबह से ही यज्ञ स्थल पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी थी। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर शोभा यात्रा में भाग लिया। यज्ञ स्थल बेतबाड़ी से निकली कलश यात्रा, खजूरबाड़ी, बाभनगांवा, बेतबाड़ी, चिल्हनियां होते हुए सुहिया रेतुआ नदी तक पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालु भक्ति गीतों और जयकारों के साथ आगे बढ़ते रहे, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
सुहिया रेतुआ नदी तट पर विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना कर कलश में पवित्र जल भरा गया।

इसके उपरांत शोभा यात्रा पुनः यज्ञ स्थल बेतबाड़ी पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश स्थापना की गई। इस दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की।महायज्ञ के आचार्य पंडित विवेकानंद ठाकुर ने बताया कि श्री श्री 108 दीनाभद्री महायज्ञ का शुभारंभ कलश एवं शोभा यात्रा के साथ विधिवत रूप से हो चुका है। उन्होंने कहा कि यह महायज्ञ 72 घंटे तक अखंड रूप से चलेगा। इस दौरान हवन, पूजन, आरती एवं धार्मिक प्रवचन का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि यज्ञ के माध्यम से समाज में आपसी भाईचारा, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है।स्थानीय वार्ड सदस्य रोहित कुमार ऋषि देव ने कहा कि इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में गांव के सभी लोगों का सराहनीय योगदान रहा है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने तन-मन-धन से सहयोग कर महायज्ञ की तैयारी की है।

72 घंटे तक चलने वाले इस अनुष्ठान में आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।महायज्ञ को लेकर पूरे बेतबाड़ी गांव में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है। यज्ञ स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है तथा श्रद्धालुओं के बैठने और प्रसाद वितरण की समुचित व्यवस्था की गई है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई