किशनगंज /विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से रविवार को टेढ़ागाछ क्षेत्र में विशेष संयुक्त गश्ती अभियान चलाया गया। नेपाल में होने वाले आगामी लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए सीमा पर आवागमन करने वाले सभी व्यक्तियों की सघन जांच की जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियां किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को रोकने के लिए पूरी तरह सतर्क हैं। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 12वीं बटालियन फतेहपुर के जवानों ने पिलर संख्या 150/01 से 152 तक Armed Police Force Nepal (एपीएफ) के साथ समन्वित गश्ती ड्यूटी की। गश्ती के दौरान सीमा क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों और वाहनों की गहन तलाशी ली गई।
इसके उपरांत दोनों देशों के सुरक्षा अधिकारियों के बीच सीमा समन्वय बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें आपसी सहयोग और सूचनाओं के आदान-प्रदान को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।बैठक में एसएसबी की ओर से एसआई जीडी रामकृष्ण बिस्वास, एचसी जीडी आलोक कुमार सुमन सहित अन्य जवान उपस्थित रहे। वहीं नेपाल एपीएफ की ओर से सब इंस्पेक्टर गजेंद्र राय, हेड कांस्टेबल किशोरदेव राजबंशी एवं अन्य अधिकारी शामिल हुए।
एसआई रामकृष्ण बिस्वास ने बताया कि संयुक्त गश्ती और बैठक का मुख्य उद्देश्य नेपाल के आगामी चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करना है। उन्होंने कहा कि चुनाव अवधि के दौरान तस्करी, घुसपैठ, अवैध हथियारों की आवाजाही और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों ने सीमा पर शांति, सौहार्द और आपसी विश्वास बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमित संयुक्त गश्ती और समन्वय बैठकें आगे भी जारी रहेंगी, ताकि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ बनी रहे।




























