टेढ़ागाछ में सहयोग शिविर की तैयारी पूरी, खनियाबाद व बैगना पंचायत में आज लगेगा शिविर

SHARE:

विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ

टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय स्थित बीडीओ कार्यालय कक्ष में सोमवार को सहयोग शिविर को सफल बनाने को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ने की। बैठक में अंचलाधिकारी शशि कुमार, बीपीआरओ विवेक भारती, कृषि पदाधिकारी मो० आदिल अनवर, राजस्व अधिकारी प्रिंस कुमार, कार्यक्रम पदाधिकारी विपिन कुमार,प्रखंड कल्याण पदाधिकारी संजीव कुमार
सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। बैठक में सहयोग शिविर के सफल संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि मंगलवार को प्रखंड क्षेत्र की दो पंचायतों खनियाबाद एवं बैगना पंचायत सरकार भवन में सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिविर को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।


बीडीओ अजय कुमार ने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। शिविर में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, राशन कार्ड, आवास योजना, पेंशन, भूमि विवाद, कृषि, मनरेगा, जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र सहित विभिन्न जनसमस्याओं से जुड़े मामलों का ऑन द स्पॉट निष्पादन करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंचायत के लोग अपनी समस्याएं लेकर शिविर में पहुंचें, ताकि संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर ही उनकी शिकायतों को सुनकर समाधान की प्रक्रिया शुरू कर सकें।


बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि शिविर में आने वाले लोगों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिविर स्थल पर पेयजल, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया।प्रखंड प्रशासन की ओर से आम लोगों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय पर सहयोग शिविर में पहुंचकर सरकार की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाएं। प्रशासन का कहना है कि इस प्रकार के शिविरों से आम जनता की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही तेजी से संभव हो सकेगा और लोगों को कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई