ईदगाह में अकीदत के साथ अदा की गई ईद-उल-फितर की नमाज
गले मिलकर लोगों ने एक-दूसरे को दी ईद-उल-फितर की बधाई
किशनगंज/प्रतिनिधि
जिले में ईद-उल-फितर शनिवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शहर के, अंजुमन इस्लामिया मदरसा,जामा मस्जिद, बड़ी मस्जिद, चूड़ी पट्टी,मस्जिद और पश्चिमपाली मस्जिद सहित अन्य मस्जिदों में सुबह आठ बजे से अकीदत के साथ ईद-उल-फितर की नमाज अदा की गयी। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने हाथ मिलाकर व गले मिलकर एक-दूसरे को ईद पर्व की बधाई दी और साथियों व रिश्तेदारों से भी मिलकर ईद पर्व की मुबारकबाद दी।
हालांकि शुक्रवार की रात्रि में हुई वर्षा के कारण कुछ नमाज स्थल में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।शनिवार की सुबह से ही इन स्थलों से जलजमाव को साफ करवाया गया।कई स्थानों में ईदगाह कमेटी के सदस्यों ने नमाज की व्यवस्था की थी।
लोग नए-नए कपड़े पहनकर ईदगाह व मस्जिदों में पहुंच रहे थे।इस दौरान जिले,राज्य और देश की अमन और शांति के लिए दुआएं मांगी गईं ।ईद गाह के बाहर मेले जैसा माहौल देखा गया जहां खिलौने आदि की दुकानी लगी थी और छोटे छोटे बच्चे खरीददारी कर रहे थे ।
चांद रात से ही ईद की बधाई देने में जुटे थे लोग
ईद- उल- फितर की नमाज अदा करने के बाद लोगों ने घरों में सेवइयां और मिठाई खाकर ईद पर्व मनाया एवं साथियों व रिश्तेदारों से मिलकर ईद पर्व की बधाइयां दी। ईद पर्व को लेकर अलविदा जुमे की नमाज के बाद से ही लोग ईद की तैयारी में जुट गये थे। शुक्रवार की शाम से ही एक दूसरे को पर्व की बधाई देने का दौर चलता रहा।
सुरक्षा के थे पुख्ता इंतजाम
ईद पर्व शांतिपूर्ण माहौल में मनाए जाने को लेकर जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।सुरक्षा के मद्देनजर जिले के कुल 279 स्थानों में मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। सुरक्षा को लेकर डीएम विशाल राज व एसपी संतोष कुमार अपने कनीय अधिकारियों से जानकारी ले रहे थे।
पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में मनाए जाने को लेकर जिले के सभी थानाध्यक्षों को सतर्कता बरते जाने का निर्देश दिया गया था। एसडीएम अनिकेत कुमार, एसडीपीओ वन गौतम कुमार सहित प्रशासन व पुलिस के अधिकारी शहर में व्यव्स्था का मुआयना कर रहे थे।
कई पदाधिकारीयों के अलावा अन्य पुलिस पदाधिकारी घूम- घूम कर हालात का जायजा ले रहे थे। पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के संयुक्त निर्देश पर पुलिस द्वारा नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न्न मोहल्लों एवं गांव में गश्ती की जा रही थी।




























