टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह
प्रखंड क्षेत्र के मटियारी स्थित सृष्टि एचपी गैस एजेंसी के खिलाफ उपभोक्ताओं द्वारा गैस आपूर्ति में अनियमितता की शिकायत मिलने के बाद प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। स्थानीय उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया था कि गैस बुकिंग कराने के बावजूद समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अजय कुमार एवं सब-इंस्पेक्टर विकास कुमार ने संयुक्त रूप से बुधवार को एजेंसी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने एजेंसी में उपलब्ध गैस सिलेंडरों के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया तथा स्टॉक रजिस्टर, वितरण पंजी एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की। अधिकारियों ने वितरण प्रक्रिया की भी समीक्षा की, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो रही है या नहीं।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ अजय कुमार ने एजेंसी संचालक को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी उपभोक्ताओं को निर्धारित समय के भीतर गैस उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि भविष्य में शिकायतें प्राप्त होती हैं, तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।बीडीओ ने उपभोक्ताओं से भी अपील की कि वे संयम और शांति बनाए रखें तथा अनावश्यक रूप से गैस का भंडारण न करें।
उन्होंने कहा कि एजेंसी में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और सभी उपभोक्ताओं को क्रमवार तरीके से गैस उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशासन की प्राथमिकता है कि किसी भी उपभोक्ता को परेशानी न हो और वितरण प्रणाली पूरी तरह पारदर्शी बनी रहे।
सब-इंस्पेक्टर विकास कुमार ने निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने एजेंसी संचालक को निर्देशित किया कि गैस वितरण के दौरान सभी सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना से बचा जा सके। इस मौके पर एजेंसी संचालक ने अधिकारियों को आश्वस्त किया कि गैस वितरण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट रूप से कहा है कि गैस की कालाबाजारी या वितरण में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। यदि इस तरह के मामलों की पुष्टि होती है, तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ जिला पदाधिकारी को रिपोर्ट भेजकर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन के इस सख्त रुख से क्षेत्र में गैस आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।



























