ठाकुरगंज अंचल क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। सम्राट अशोक भवन के प्रस्तावित निर्माण स्थल को अतिक्रमण मुक्त कराने के उद्देश्य से नगर पंचायत प्रशासन ने वार्ड संख्या 02 के खोपड़ापट्टी मोहल्ले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस क्रम में संबंधित भूखंड पर कब्जा किए हुए लोगों को नोटिस जारी कर जल्द से जल्द जमीन खाली करने का निर्देश दिया गया है। जिन व्यक्तियों को नोटिस दिया गया है, उनमें संध्या रानी दे, गोपाल मंडल, गणेश सहनी, विजय सहनी, शिवनंदन पासवान, अशोक पासवान, साधु पासवान और राजन सहनी शामिल हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उक्त भूमि सरकारी है और उस पर अवैध कब्जा नियमों का उल्लंघन है। इसी स्थल पर सम्राट अशोक भवन के निर्माण की योजना है, जिसे देखते हुए अतिक्रमण हटाना आवश्यक बताया गया है।
बुधवार को अंचल अधिकारी मृत्युंजय कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। निरीक्षण के दौरान दो लोगों—संध्या रानी दे और गोपाल मंडल—ने अपने कब्जे को स्वयं हटाना शुरू कर दिया, जिसे प्रशासन ने सराहनीय कदम बताया।
अंचल अधिकारी ने अन्य लोगों को भी सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि वे दो से तीन दिनों के भीतर खुद ही अतिक्रमण हटा लें। ऐसा नहीं करने पर प्रशासन द्वारा बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी और उससे जुड़ा खर्च भी संबंधित लोगों से वसूला जाएगा।
प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर विकास कार्यों को गति देना प्राथमिकता है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हलचल और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
कुलभूषण सिंह


























