टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को आयोजित जनता दरबार में प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जमीन विवाद, रास्ता अतिक्रमण, सीमांकन तथा आपसी बंटवारे से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई। लोगों ने अपनी शिकायतें सीधे अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष के समक्ष रखीं, जिससे पारदर्शी एवं त्वरित समाधान की दिशा में ठोस पहल की गई। जनता दरबार की अध्यक्षता अंचलाधिकारी शशि कुमार ने की।
उन्होंने एक-एक मामले की क्रमवार सुनवाई करते हुए संबंधित पक्षों को आमने-सामने बैठाकर संवाद के माध्यम से समाधान निकालने का प्रयास किया। प्रशासन की इस पहल का सकारात्मक असर भी देखने को मिला। अंचलाधिकारी ने जानकारी दी कि कुल प्राप्त मामलों में से 6 मामलों का आपसी सहमति से मौके पर ही निपटारा कर दिया गया है। शेष मामलों में आवश्यक कागजी प्रक्रिया, स्थलीय जांच और अभिलेख सत्यापन की कार्रवाई जारी है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि भूमि एवं रास्ते से जुड़े विवादों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से सुलझाया जाएगा।थानाध्यक्ष ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि छोटे-छोटे विवादों को आपसी समझदारी और संवाद से सुलझाना ही सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी परिस्थिति में कानून को हाथ में न लें, बल्कि प्रशासन का सहयोग करें और वैधानिक प्रक्रिया का पालन करें।
प्रशासन का उद्देश्य क्षेत्र में शांति, सौहार्द और विधि-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है।जनता दरबार में विभिन्न पंचायतों के सरपंच, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनता दरबार आम लोगों के लिए एक सशक्त मंच बनकर उभर रहा है। इससे ग्रामीणों को अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिलता है और त्वरित समाधान की उम्मीद मजबूत होती है।
इस दौरान प्रशासन की ओर से यह भी आश्वस्त किया गया कि भविष्य में नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन किया जाएगा, ताकि लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन हो सके। जनता दरबार के सफल आयोजन से क्षेत्र में सकारात्मक संदेश गया है और आमजन का प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ हुआ है।




























