हसनगंज /कटिहार – बेमौसम में हो रहे बदलाव का असर अब लोगों के स्वास्थ पर दिखाई देने लगा है। विगत कुछ दिनों से दिन में तेज धूप और गर्मी एवं शाम और रात को ठंडक के कारण वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है।
खासकर बच्चे और बुजुर्ग इसकी चपेट में अधिक आ रहे हैं। जुकाम,बुखार और गले में खराश के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हसनगंज के ओपीडी में प्रतिदिन मरीजों की संख्या बढ़ रही है। चिकित्सकों के अनुसार मौसम के उतार चढ़ाव के कारण लोगों की प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित हो रही है। जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ गया है।
अधिकतर मरीज सर्दी,खांसी वायरल बुखार की शिकायत लेकर आ रहे हैं। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ.आयुष भारद्वाज ने बताया कि बदलते मौसम में थोड़ी सी लापरवाही बड़ी परेशानी बन सकती है।खासकर बच्चे और बुजुर्ग एवं पहले से किसी बीमारी से ग्रसित लोगों को अधिक सावधान रहने की जरूरत है।
किसी भी प्रकार के बुखार या संक्रमण के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सक से परामर्श लें। मौसम के बदलाव के इस दौर मे सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हसनगंज में मरीजों के लिए ईसीजी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा चुकी है। साथ ही बीडब्ल्यूआर और एएनएम के साथ बैठक कर क्षेत्रों में होने वाले टीकाकरण के अलावा गर्भवती महिलाओं और नवजात बच्चों की पहचान कर सभी लक्षित बच्चों का टीकाकरण करने का निर्देश दिया गया है।




























