किसानों को झमाझम बारिश होने से अगहनी धान की रोपनी में सर्वाधिक लाभ पहुंचा
प्राणपुर /कटिहार-दो दिनों से हो रही झमाझम बारिश से ग्रामीण इलाकों के सड़कों में जल जमाव हो जाने से आवागमन कष्टप्रद बन गया है। रोशना बाजार की सड़कों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। दिल्ली दीवानगंज अंडरग्राउंड रेलवे पुल के नीचे एवं पकड़िया गुमटी अंडरग्राउंड रेलवे पुल के नीचे जल जमाव हो जाने से आवागमन दोनों स्थानों पर बाधित हो गया है।
राजपूतिया कटिंग एवं मदनसाही कटिंग अर्धनिर्मित पुल का डायवर्सन जल जमाव के कारण आवागमन बाधित हो गया है। दर्जनों जर्जर सड़कों में अवस्थित गढ़ढ़ों में जल जमाव के कारण वाहन चालकों को एवं पैदल राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इधर महानंदा नदी के जलस्तर में भी वृद्धि हुई है। झमाझम बारिश से किसानों को सर्वाधिक लाभ पहुंचा है। अगहनी धान की रोपनी को लेकर किसान खेतों में लगे पानी को आर बांध कर रोकने में लगे हुए हैं। किसानों को बारिश होने से अगहनी धान का बीज उखाड़ना एवं रोपनी करना आसान हो गया।























