सहयोग शिविर के आवेदनों के त्वरित निष्पादन एवं सामान्य बोर्ड के निर्णयों के अनुपालन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित
कटिहार – नगर निगम के सभा प्रशाल भवन में नगर आयुक्त संतोष कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की प्रगति की समीक्षा करना तथा पिछली सामान्य बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णयों एवं निर्देशों के अनुपालन की स्थिति का आकलन करना था।
बैठक में नगर आयुक्त श्री कुमार ने संबंधित शाखा प्रभारियों एवं अधिकारियों से सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की अद्यतन जानकारी ली तथा लंबित मामलों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इसके साथ ही पिछली सामान्य बोर्ड बैठक में लिए गए विभिन्न जनहितकारी निर्णयों के अनुपालन की भी विस्तृत समीक्षा की गई। नगर आयुक्त संतोष कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर लंबित कार्यों को पूर्ण करने तथा विकास एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। बैठक में नगर निगम के सभी संबंधित पदाधिकारी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।























