कदवा/कटिहार-जिले में नव पदस्थापित आरक्षी अधीक्षक परिचय कुमार ने बुद्धवार की देर शाम कदवा थाना का औचक निरीक्षण किया।अचानक पुलिस कप्तान की गाड़ी थाना पहुंची देखकर पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर का मुआयना किया।
वहीं ओडी रजिस्टर सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों का गहन अवलोकन तथा उनके संधारण की भी समीक्षा की।इस दौरान उन्होंने लंबित मामलों, अभिलेखों के रखरखाव और थाना के कार्यप्रणाली को लेकर थानाध्यक्ष कुंदन कुमार से पूछताछ किया। उन्होने थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था एवं क्षेत्र में विधि-व्यवस्था को लेकर हो रहे कार्यों की जानकारी ली।
इस क्रम में एसपी श्री कुमार ने थानाध्यक्ष को थाना क्षेत्र में कानून- व्यवस्था बनाये रखने को लेकर गश्ती बढाने,मद्य निषेध अधिनियम का शत-प्रतिशत सफल बनाने, वारंटियों की गिरफ्तारी एवं कांडों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया।एसपी ने बताया कि प्रभावी पुलिसिंग के साथ लोगों के साथ अच्छा व्यवहार एवं शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन किये जाने का निर्देश दिया गया है। निरीक्षण के दौरान धनोज गुप्ता, छोटू कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी व पुलिस कर्मी मौजूद रहे।























