कोठीटोला देवरी सड़क बदहाल, ग्रामीण परेशान की परेशानी,पुल निर्माण की मांग

SHARE:

टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह

प्रखंड क्षेत्र के चिल्हनियां पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-11 स्थित कोठीटोला देवरी गांव के महादलित परिवार आज भी बुनियादी सड़क सुविधा से वंचित हैं। गांव को घनीफुलसरा चैनपुर से जोड़ने वाली लगभग दो किलोमीटर लंबी कच्ची सड़क बरसात के मौसम में पूरी तरह बदहाल हो गई है।

विगत बाढ़ में सड़क दो स्थानों पर कटकर ध्वस्त हो गई, जिससे वहां जलभराव हो गया है और आवागमन अत्यंत कठिन हो गया है।ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर कीचड़ और जलजमाव के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली छात्र-छात्राओं, बुजुर्गों, महिलाओं और मरीजों को उठानी पड़ रही है। रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी, इलाज और अन्य जरूरी कार्यों के लिए गांव से बाहर निकलना किसी चुनौती से कम नहीं रह गया है।

स्थानीय ग्रामीण भगल पासवान, योगेंद्र पासवान, राजेंद्र पासवान, दशरथ मांझी, श्यामलाल मांझी, रमेश मांझी, रोहित मांझी, शंभू झा, रोहित पासवान, संतोष झा, महेश पासवान, भीम चौधरी, संतोष पासवान, बैद्यनाथ झा, लाल झा एवं तारिणी प्रसाद झा सहित अन्य लोगों ने बताया कि वर्षों से यह सड़क कच्ची है। बरसात शुरू होते ही इसकी स्थिति और भी दयनीय हो जाती है। बाढ़ के दौरान कटे दोनों स्थानों पर अब तक पुल या सड़क की मरम्मत नहीं होने से लोगों को जान जोखिम में डालकर आवाजाही करनी पड़ती है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर वे कई बार सांसद, विधायक, जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों को आवेदन दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। उनका कहना है कि सरकार प्रत्येक गांव को मुख्य सड़क से जोड़ने का दावा करती है, लेकिन कोठीटोला देवरी के महादलित परिवार आज भी विकास की मुख्यधारा से कोसों दूर हैं।

ग्रामीणों ने नवपदस्थापित जिलाधिकारी से मांग की है कि कोठीटोला देवरी से घनीफुलसरा चैनपुर तक सड़क का शीघ्र पक्कीकरण कराया जाए तथा बाढ़ में कटे दोनों स्थानों पर आरसीसी पुल का निर्माण कराया जाए। उनका कहना है कि सड़क और पुल बनने से न केवल महादलित बस्ती के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी, बल्कि बच्चों की शिक्षा, किसानों की आवाजाही और आपातकालीन सेवाओं तक पहुंच भी सुगम हो सकेगी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समक्ष व्यापक आंदोलन करने को विवश होंगे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!