विशेष नागरिकता शिविर का आयोजन, भारतीय नागरिकता हेतु लिया गया आवेदन

SHARE:

टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह

जिला पदाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय परिसर में भारतीय नागरिकता प्राप्त करने के इच्छुक आवेदकों के लिए तीन दिवसीय विशेष नागरिकता शिविर का शुभारंभ किया गया। यह विशेष शिविर 8 जुलाई, 15 जुलाई एवं 22 जुलाई 2026 को आयोजित किया जा रहा है। शिविर का संचालन भारतीय नागरिकता अधिनियम, 1955 की धारा 5(1)(C) एवं धारा 6(1) के प्रावधानों के तहत किया जा रहा है।

इसमें विशेष रूप से भारत में विवाह के बाद निवास कर रही नेपाली महिलाओं से भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं। शिविर में आवेदकों से जन्म प्रमाण-पत्र, पहचान पत्र, निवास प्रमाण-पत्र, विवाह संबंधी अभिलेख सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा कराए जा रहे हैं। साथ ही आवेदकों को आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक कागजात, पात्रता की शर्तों तथा नागरिकता से संबंधित नियमों की विस्तृत जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि इस विशेष शिविर का उद्देश्य इच्छुक एवं पात्र आवेदकों को भारतीय नागरिकता प्राप्त करने की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं सुगम बनाना है। उन्होंने कहा कि प्राप्त सभी आवेदनों की नियमानुसार जांच के बाद उन्हें अग्रेतर कार्रवाई के लिए जिला सामान्य प्रशाखा, किशनगंज भेजा जाएगा।

प्रशासन ने पात्र आवेदकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों में से किसी भी दिन सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर अपना आवेदन जमा करें, ताकि नागरिकता संबंधी प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जा सके।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!