टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह
किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश किसानों के लिए राहत और खुशी लेकर आई है। समय पर हुई वर्षा से खेतों में पर्याप्त नमी आ गई है, जिससे अब धान की रोपनी का कार्य तेज़ी से शुरू होने की उम्मीद है। बारिश के बाद किसानों ने खेतों की तैयारी शुरू कर दी है और कई स्थानों पर रोपनी का काम भी आरंभ हो गया है।
किसानों का कहना है कि इस वर्ष मौसम की अनिश्चितता के कारण मक्के की फसल को काफी नुकसान हुआ था। समय पर पर्याप्त वर्षा नहीं होने से कई किसानों की फसल प्रभावित हुई, जिससे आर्थिक क्षति भी उठानी पड़ी। हालांकि अब लगातार हो रही बारिश ने नई उम्मीद जगा दी है। किसानों को विश्वास है कि धान की अच्छी खेती से मक्के की फसल में हुए नुकसान की काफी हद तक भरपाई हो सकेगी।
स्थानीय किसान सिकंदर सिंह, पंचानंद ऋषिदेव, झड़ीलाल साह, बालेश्वर यादव, मयानंद मंडल, विनोद ऋषिदेव, खुशी लाल मंडल, प्रेमलाल मंडल और दयानंद ठाकुर सहित दर्जनों किसानों ने बताया कि समय पर हुई बारिश धान की खेती के लिए बेहद लाभदायक साबित होगी। उन्होंने कहा कि खेतों में पर्याप्त पानी जमा होने लगा है और अब युद्धस्तर पर धान की रोपनी शुरू कर दी जाएगी। यदि आने वाले दिनों में भी मौसम इसी प्रकार अनुकूल बना रहा तो इस वर्ष धान की अच्छी पैदावार होने की उम्मीद है।
कृषि जानकारों के अनुसार धान की रोपनी के लिए यह समय सबसे उपयुक्त माना जाता है। लगातार बारिश से खेतों में नमी बनी रहेगी, जिससे पौधों का बेहतर विकास होगा और उत्पादन बढ़ने की संभावना भी अधिक रहेगी।
किसानों ने सरकार से पर्याप्त मात्रा में खाद, बीज एवं कृषि सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि खरीफ मौसम की खेती सुचारु रूप से संपन्न हो सके। पूरे प्रखंड में बारिश के बाद कृषि गतिविधियां तेज़ हो गई हैं और किसानों में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।
























