बरारी/कटिहार – प्रखंड क्षेत्र के रौनियां पंचायत में घास काटने के लिए घर से निकले एक अधेड़ का शव पोखर से बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।जबकि गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।जानकारी के अनुसार रौनियां पंचायत निवासी कैलाश यादव (54) सुबह करीब 10 बजे मवेशियों के लिए घास काटने घर से निकले थे।देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
पूरी रात परिजन और ग्रामीण उनकी तलाश में जुटे रहे।मंगलवार को कुछ ग्रामीण खेत की ओर जा रहे थे।तब दुवेस्थान स्थित पोखर के समीप घास काटने वाला लोहे का कचिया और गमछा पड़ा हुआ देखा।इसकी सूचना तत्काल पंचायत के सरपंच अमित कुमार यादव को दी गई। सूचना मिलते ही ग्रामीणों के सहयोग से पोखर में खोजबीन शुरू की गई। इसी दौरान पोखर में उगे जलकुंभी घेघवा के बीच कैलाश यादव का शव फंसा हुआ मिला।
घटना की सूचना मिलते ही बरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

























