डीएम ने सदर अस्पताल का किया औचक निरीक्षण,कुव्यवस्था पर अधिकारियों को जमकर लगाई फटकार

SHARE:

सागर चंद्रा/किशनगंज


डीएम नवीन कुमार ने सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। बुधवार सुबह डीएम को अचानक सामने देखकर अस्पताल कर्मियों के बीच हड़कंप मच गया। 10 बज जाने के बावजूद अधिकारियों को अनुपस्थित देख डीएम बिफर पड़े। हालांकि डीएम के पहुंचने की सूचना मिलते ही सभी अधिकारी फौरन सदर अस्पताल पहुंच गए।

व्यापक एवं सघन निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने अस्पताल के विभिन्न विभागों का भ्रमण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, चिकित्सकीय व्यवस्था, संसाधनों की उपलब्धता तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं के संबंध में विस्तार से जायजा लिया।

उन्होंने बारी बारी से एसएनसीयू, डायलिसिस यूनिट, ब्लड बैंक, पोषण पुनर्वास केंद्र, दीदी की रसोई, ओपीडी, दवा वितरण केंद्र, जांच प्रयोगशाला, औषधि भंडारण कक्ष के साथ साथ सभी वार्डों सहित अन्य इकाइयों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित सिविल सर्जन डॉ राजकुमार चौधरी, डीएस अनवर हुसैन सहित अन्य अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी सेवाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित हों तथा प्रत्येक मरीज को बिना किसी विलंब के आवश्यक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जाए।


वहीं वार्डों के निरीक्षण के दौरान डीएम ने इलाजरत मरीजों तथा उनके परिजनों से बातचीत की अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान शिकायत मिलने के बाद उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों की शिकायतों का तत्काल समाधान किया जाए तथा अस्पताल में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।


डीएम नवीन कुमार ने कहा कि प्रत्येक मरीज को समय पर बेहतर उपचार, आवश्यक दवाएं, जांच सुविधाएं और सभी सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं सहज रूप से उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में स्वच्छता, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति, दवा एवं जांच सेवाओं की उपलब्धता, रिकॉर्ड संधारण तथा मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार पर विशेष ध्यान दिया जाए।

स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा निरीक्षण के दौरान दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अस्पताल की प्रत्येक इकाई की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाय। ताकि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।


इस मौके पर डीएम ने जिले वासियों से अपील करते हुए कहा कि वे सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। यदि अस्पताल में किसी प्रकार की असुविधा, शिकायत या सुझाव हो तो उसकी जानकारी तत्काल अस्पताल प्रबंधन अथवा स्वास्थ्य विभाग को दें।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!