टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड के फुलवड़िया वार्ड संख्या-09 में चोरी की एक घटना सामने आई है। पीड़ित आफताब आलम उर्फ गुड्डू आलम (40 वर्ष), पिता अब्दुल वहाब, निवासी फुलवड़िया वार्ड संख्या-09, थाना टेढ़ागाछ ने थाना में लिखित आवेदन देकर घर से चांदी और सोने के आभूषण सहित अन्य सामान चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई है।
आवेदन में पीड़ित ने बताया कि घटना 6 जुलाई 2026 की देर रात की है। परिवार के सभी सदस्य भोजन कर सो गए थे। रात करीब 2:00 से 2:30 बजे के बीच अज्ञात चोर खिड़की के रास्ते घर में घुस गए और कमरे में रखी पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब 42 भर चांदी के आभूषण, आधा भर सोने के जेवर तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए।
सुबह नींद खुलने पर घर का सामान बिखरा हुआ मिला और पेटी टूटी हुई थी। इसके बाद पीड़ित ने आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। आवेदन में उन्होंने गांव के ही एक युवक सूरज आलम एवं उसके साथ दो-तीन अज्ञात व्यक्तियों पर चोरी की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पीड़ित का कहना है कि उसे विश्वास है कि उक्त लोगों ने ही घटना को अंजाम दिया है।
पीड़ित ने थाना पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर चोरी गए सामान की बरामदगी तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी। पुलिस का कहना है कि आवेदन में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।


























