टेढ़ागाछ की तीन पंचायतों में सहयोग शिविर, 166 आवेदन प्राप्त; 130 मामलों का हुआ त्वरित निष्पादन।

SHARE:

विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ (किशनगंज)। प्रखंड क्षेत्र की हवाकोल, डाकपोखर एवं चिल्हनियां पंचायतों में मंगलवार को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने एवं उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। तीनों पंचायतों के सभी वार्डों से बड़ी संख्या में ग्रामीण शिविर में पहुंचे और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर अपनी समस्याओं एवं योजनाओं से संबंधित आवेदन जमा किए।

कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन होने तथा लाभुकों को प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराए जाने से लोगों में संतोष और उत्साह देखा गया।शिविर का निरीक्षण डीआरडीए निदेशक शशिम सौरभ मणि एवं एडीएमओ आदित्य राठौड़ ने किया। इस दौरान अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन कर लाभुकों से संवाद किया तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का जायजा लिया। एडीएमओ आदित्य राठौड़ ने पात्र लाभुकों के बीच प्रमाण-पत्रों का वितरण करते हुए कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचे।

डीआरडीए निदेशक शशिम सौरभ मणि ने कहा कि सहयोग शिविर सरकार और आमजन के बीच एक प्रभावी सेतु का कार्य कर रहा है। इससे लोगों को विभिन्न विभागों के कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ता तथा उनकी समस्याओं का समाधान एक ही स्थान पर किया जा रहा है।प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहकर लोगों की शिकायतें सुन रहे हैं और प्राप्त आवेदनों का त्वरित निष्पादन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि डाकपोखर पंचायत में 63 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 52 मामलों का निष्पादन किया गया। चिल्हनियां पंचायत में 47 आवेदन मिले, जिनमें 42 का निष्पादन हुआ। वहीं हवाकोल पंचायत में 56 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 36 मामलों का समाधान किया गया। इस प्रकार तीनों पंचायतों में कुल 166 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 130 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया।


शिविर में अंचल अधिकारी शशि कुमार, बीपीआरओ विवेक भारती, थानाध्यक्ष दिलशाद खान, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार, प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अनिल कुमार शर्मा, पीओ विपिन कुमार, चिल्हनियां मुखिया मोफत लाल ऋषिदेव, हवाकोल मुखिया विशेश्वर प्रसाद शाह, डाकपोखर मुखिया प्रतिनिधि मनोज कुमार यादव, सरपंच कैलाश सहित सभी वार्ड सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने लोगों से सरकार की विभिन्न योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने तथा अपनी समस्याओं के समाधान के लिए ऐसे शिविरों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!