किशनगंज /विजय कुमार साह
बहादुरगंज के विधायक तौसीफ आलम ने मंगलवार को किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड के विभिन्न पंचायतों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने कई मामलों में मौके पर ही संबंधित विभाग के अधिकारियों से बात कर त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने सबसे अधिक बिजली विभाग की मनमानी, लगातार बिजली कटौती और खराब व्यवस्था को लेकर विधायक के समक्ष नाराजगी जताई।
विधायक ने कहा कि कई क्षेत्रों में 24 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है और विभाग को एक मामूली फॉल्ट ठीक करने में दो-दो दिन लग जाते हैं। उन्होंने मौके पर जिला पदाधिकारी और बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता से दूरभाष पर बात कर व्यवस्था सुधारने को कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि किशनगंज जिले के साथ बिजली आपूर्ति के मामले में सौतेला व्यवहार किया जा रहा है।
मटियारी पंचायत के ग्रामीणों ने बताया कि आज भी बांस-बल्ली के सहारे बिजली आपूर्ति की जा रही है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। वहीं कई ग्रामीणों ने नदी कटाव की समस्या उठाई। इस पर विधायक ने कहा कि उन्होंने राज्य सरकार और संबंधित विभाग को कई बार बोल्डर पिचिंग कराने के लिए लिखा, लेकिन केवल बालू भरे बोरे डालकर खानापूर्ति की जा रही है। इससे सैकड़ों घर, सड़कें और उपजाऊ भूमि नदी में समा चुकी हैं। उन्होंने विधानसभा में यह मुद्दा उठाने की बात कही।
दौरे के दौरान विधायक ने टेढ़ागाछ-बहादुरगंज सड़क के निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि पुरानी सड़क की मरम्मत के नाम पर करीब 1.17 करोड़ रुपये निकाले गए, जबकि कार्य नहीं हुआ। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने और संबंधित अधिकारियों को सड़क का निरीक्षण करने का निर्देश देने की मांग की।


























