सालमारी /कटिहार – बलिया बेलौन थाना क्षेत्र के कुरूम के बांसझाडी के दो बाईक की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौके पर मौत हो गई। जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गये। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाईक तेज रफ्तार में थीं।
आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत के कारण दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार मृतक युवक सनकतरा गांव का रहने वाला था। उसकी शादी रिजवानपुर पंचायत में हुई थी। और वह किसी निजी कार्य से कुरूम की ओर जा रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों के घटनास्थल पर पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटना के बाद मृतक के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। पुलिस ने परिजनों से आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कराते हुए मामले की जानकारी दर्ज की। घायल युवक का इलाज जारी है और उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
लोगों ने प्रशासन से सड़क पर यातायात नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने और वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की है। ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।


























