महापौर, उप महापौर एवं नगर आयुक्त ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का किया शुभारंभ
कटिहार – नगर निगम कटिहार की ओर से नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से शहर के वार्ड संख्या 06,21,37 में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ नगर निगम के महापौर उषा देवी अग्रवाल, उप महापौर मंजूर खान एवं नगर आयुक्त संतोष कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर उपस्थित नगर आयुक्त संतोष कुमार ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान उनके वार्ड स्तर पर ही सुनिश्चित करना है। ताकि लोगों को नगर निगम कार्यालय जाना ना पड़ें। शिविर में नगर विकास एवं आवास विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं, शिकायतों एवं जनसुविधाओं से जुड़े मामलों का निष्पादन किया गया।
शिविर के दौरान नागरिकों ने जलापूर्ति, सफाई व्यवस्था, नाली निर्माण,सड़क मरम्मत, होल्डिंग टैक्स,जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र एवं अन्य नगर निगम सेवाओं से संबंधित अपनी समस्याएं एवं आवेदन प्रस्तुत किए। संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। नगर निगम प्रशासन ने लोगों से अपील की कि वे ऐसे शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर सरकारी योजनाओं एवं नगर निगम की सेवाओं का लाभ उठाये।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि,वार्ड पार्षद, नगर निगम के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम कटिहार का संदेश है “समाधान आपका, सहयोग हमारा — आपकी समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान हेतु नगर निगम सदैव तत्पर है।”


























