चार साल बाद भी पुल अधूरा
जिम्मेदारों ने साधी चुप्पी
कोढा /कटिहार- कोढ़ा प्रखंड अंतर्गत विनोदपुर पंचायत के चुरली घाट में निर्माणाधीन पुल एक बार फिर विवादों में घिर गया है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि पुल निर्माण कार्य में नियमों को ताक पर रखकर नाबालिग से जेसीबी मशीन चलवाई जा रही है। यह मामला सामने आने के बाद निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग की कार्यशैली पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि जिस पुल का निर्माण बीते चार वर्षों से चल रहा है। वह अब तक पूरा नहीं हो पाया है। निर्माण कार्य की धीमी गति से पहले ही लोग परेशान थे, वहीं अब नाबालिग मजदूर से भारी मशीन चलवाने का मामला सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार निर्माण स्थल पर खुलेआम जेसीबी मशीन एक नाबालिग के द्वारा चलाई जा रही थी।
जब इस संबंध में वहां मौजूद कर्मियों से पूछताछ की गई तो रामसखी इंटरप्राइजेज में कार्यरत कर्मी स्पष्ट जवाब देने के बजाय अपना पल्ला झाड़ते नजर आए। किसी ने जिम्मेदारी लेने से इनकार किया तो किसी ने मामले की जानकारी नहीं होने की बात कही। ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल नियम उल्लंघन का मामला नहीं, बल्कि सुरक्षा के साथ भी बड़ा खिलवाड़ है।
भारी मशीनों के संचालन के लिए प्रशिक्षित और वयस्क चालक की आवश्यकता होती है, लेकिन यहां खुलेआम नाबालिग से काम करवाया जा रहा है। चार वर्षों से अधूरे पड़े पुल निर्माण को लेकर भी लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में लगातार लापरवाही बरती जा रही है, जिसके कारण आम लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर विभागीय अधिकारी और निर्माण एजेंसी की निगरानी व्यवस्था कहां है? यदि नाबालिग से मशीन चलवाई जा रही है तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है? क्या संबंधित विभाग इस मामले की जांच कर कार्रवाई करेगा या फिर मामला दबा दिया जाएगा? स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की अनियमितताओं पर रोक लग सके।























