बलुआ हाट में इफको का विशेष कैंप, 60 किसानों की मुफ्त मिट्टी जांच
बरारी /कटिहार – किसानों को वैज्ञानिक तरीके से खेती के प्रति जागरूक करने और फसल उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से बलुआ हाट में इफको की ओर से मिट्टी जांच शिविर लगाया गया। सुबह 11 बजे शुरू हुए इस शिविर में देर शाम तक किसानों की भीड़ लगी रही। शिविर में करीब 60 किसानों की मिट्टी की मुफ्त जांच की गई।
आयोजनकर्ता अभय कुमार जायसवाल ने बताया कि इफको समय-समय पर किसानों के लिए जागरूकता अभियान चलाता है। इसके तहत मिट्टी जांच, संतुलित उर्वरक उपयोग और आधुनिक खेती से जुड़ी जानकारी किसानों तक पहुंचाई जाती है। उन्होंने कहा कि बिना मिट्टी जांच के किसान अक्सर जरूरत से अधिक या कम मात्रा में खाद का उपयोग कर देते हैं, जिससे खेत की उर्वरा शक्ति प्रभावित होती है।
उन्होंने बताया कि मिट्टी जांच के माध्यम से किसानों को यह जानकारी दी जाती है कि खेत में किस पोषक तत्व की कमी है और किस मात्रा में कौन-सा खाद देना उचित होगा। इससे खेती की लागत कम होगी और उत्पादन में वृद्धि होगी। साथ ही भूमि की उर्वरा क्षमता भी लंबे समय तक बनी रहेगी।
मृदा विश्लेषक सोनू कुमार ने बताया कि किसानों के मिट्टी नमूनों की जांच के दौरान पीएच, ईसी, जैविक कार्बन,फास्फोरस और पोटाश की जांच की गई। जांच में इस क्षेत्र की मिट्टी में पीएच कम पाया गया, जिसके बाद किसानों को खेत में चुना डालने की सलाह दी गई।
उन्होंने कहा कि आधुनिक खेती में मिट्टी जांच बेहद जरूरी हो गया है। इससे किसान वैज्ञानिक तरीके से खेती कर सकते हैं और फसलों को सही पोषण मिल पाता है। शिविर में किसानों को मिट्टी संरक्षण और उर्वरकों के संतुलित उपयोग की भी जानकारी दी गई। मौके पर इफको के एसएफए धनंजय कुमार,प्रियेश कुमार, कोऑर्डिनेटर सौरभ कुमार, मृदा विश्लेषक सोनू कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे ।

























