कोढा/कटिहार-राष्ट्रीय लोक मोर्चा की कोढ़ा प्रखंड इकाई की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक शुक्रवार को जिला संयोजक उमाकांत आनंद के नेतृत्व में आयोजित हुई। बैठक में सर्वसम्मति से कुणाल कुमार को पुनः निर्विरोध प्रखंड अध्यक्ष चुना गया। उनके चयन की घोषणा होते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बन गया और फूल-माला पहनाकर उनका स्वागत किया गया।
बैठक में प्रखंड चुनाव निर्वाचन पदाधिकारी उदय कुमार सिंह एवं प्रखंड पर्यवेक्षक दयानंद कुशवाहा की मौजूदगी में संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर जिला संयोजक उमाकांत आनंद ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में संगठन को गांव-गांव तक मजबूत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रखंड में सदस्यता अभियान को तेज करते हुए हर महीने अधिक से अधिक नए लोगों को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने कहा कि कोढ़ा प्रखंड की क्षेत्रीय समस्याओं को चिन्हित कर उनके समाधान के लिए पार्टी सक्रिय भूमिका निभाएगी। जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा।नवनिर्वाचित प्रखंड अध्यक्ष कुणाल कुमार ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है। उसका वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे।
संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए लगातार कार्य किया जाएगा। बैठक में युवा प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष मेहता, जिला उपाध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह, पंचायत अध्यक्ष भानु कुशवाहा, पुनीत कुमार, आस्तिक मंडल, दीपक पंडित एवं संजीब घोष सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे। सभी ने संगठन को मजबूत बनाने और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प लिया।

























