जनजातीय गरिमा उत्सव 2026 के तहत रौनिया पंचायत भवन में जनसुनवाई, सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर जोर
बरारी /कटिहार – जनजातीय गरिमा उत्सव 2026 के तहत संचालित जन भागीदारी अभियान एवं सबसे दूर, सबसे पहले” अभियान के अंतर्गत गुरुवार को प्रखंड बरारी के रौनिया पंचायत भवन में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार धीरज ने की।
जनसुनवाई कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए। इस दौरान जनजातीय समुदाय की विभिन्न समस्याओं को अधिकारियों ने गंभीरता से सुना। कई मामलों का निष्पादन शिविर में ही कर दिया गया। जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए शीघ्र समाधान कराने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने लोगों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने एवं लाभ दिलाने का आश्वासन दिया।
बीडीओ धीरेंद्र कुमार धीरज ने कहा कि सरकार की मंशा है कि जनजातीय समुदाय के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। इसी उद्देश्य से गांव स्तर पर जनसुनवाई एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में प्रखंड कल्याण पदाधिकारी दीपक कुमार, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी राजकुमार सिंह, प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी मुकेश कुमार, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी अंजनी कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे ।

























